लखनऊ में ‘पुलिस मंथन–2025’ का भव्य शुभारंभ, आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में ‘यक्ष’ ऐप एक अहम कदम
लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन–2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में प्रदेश भर से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की और बदलते समय में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर गहन विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान बीट पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाने के उद्देश्य से विकसित ‘यक्ष’ ऐप का लोकार्पण किया गया। यह ऐप जमीनी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और जवाबदेही को भी मजबूत करेगा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विगत साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए गए सतत सुधारों, संरचनात्मक बदलावों और तकनीकी नवाचारों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश के प्रति देशभर में धारणा बदली है। उत्तर प्रदेश अब ‘रूल ऑफ लॉ’ का सशक्त और विश्वसनीय उदाहरण बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन ने केवल परंपरागत पुलिसिंग की सोच को ही नहीं बदला, बल्कि समय के अनुरूप आधुनिक तकनीक, ई-पुलिसिंग, स्मार्ट मॉनिटरिंग और जन-केंद्रित व्यवस्था को अपनाकर कानून-व्यवस्था को नई दिशा दी है।
सम्मेलन में यह भी दोहराया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सेवा और सुरक्षा में निरंतर जुटी हुई है। ‘पुलिस मंथन–2025’ प्रदेश में सुरक्षित, सुदृढ़ और भरोसेमंद पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूती देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


Thank you for your response. Please wait and we will reply to your query soon.