बढ़ती घूसखोरी के विरूद्ध किया सत्याग्रह।
घूसखोरी के प्रति उदासीन हैं जिम्मेदार अधिकारी।
भ्रष्ट तत्वों ने शिकायत निवारण तंत्र को बनाया निष्प्रभावी।
जन दृष्टि(व्यवस्था सुधार मिशन) के तत्वावधान मे तहसील दातागंज में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह किया। उपस्थित पदाधिकारियों ने राष्ट्र राग "रघुपति राघव राजाराम........" का कीर्तन कर भ्रष्ट तत्वों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात् जिलाधिकारी बदायूं के माध्यम से राज्यपाल व मुख्य मंत्री को मांगपत्र प्रेषित किया। पत्र की प्रति मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद एवम अपर मुख्य सचिव कार्मिक उत्तर प्रदेश शासन को भी प्रेषित की गई हैं।
इस अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि संगठन द्वारा निरंतर रिश्वतख़ोरी, कमीशन खोरी, मिलावट खोरी और डग्गामारी के को रोके जाने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं, सूचना का अधिकार अधिनयम, जनहित गारंटी कानून और पंचायत राज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिये भी कार्य किया जा रहा है।
नागरिकों को विभिन्न विभागों की हेल्पलाइन और पोर्टल के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए माह में दो बार तहसील दिवस, दो बार थाना दिवस, एक बार किसान दिवस की व्यवस्था की गई है। दो बार ब्लॉक दिवस भी कुछ दिन हुआ, अब शायद ब्लॉक दिवस नहीं होता है।
अधिकारी प्रतिदिन जनसुनवाई करते हैं। ऑनलाइन और डाक के माध्यम से भी शिकायतें होती हैं। शिकायत निवारण के लिए इतना बड़ा तंत्र बनाया गया है फिर भी शिकायतें कम नहीं हो रही है। क्योंकि अधिकारीगण द्वारा शिकायत के निस्तारण में रुचि ली जाती है समाधान में नहीं।
जिस कारण भ्रष्टाचार में वृद्धि हो रही है, नागरिकों को रिश्वत देने को विवश किया जाता है। उपयोगी व्यवस्थाओं की समीक्षा नहीं होती हैं। यदि जनहित गारंटी कानून की नियमित निगरानी और समीक्षा शुरु हो जाए तो भ्रष्टाचार में कमी आएगी, लेकिन इच्छा शक्ति के अभाव के कारण उन व्यवस्थाओं को निष्क्रिय कर दिया गया है जो भ्रष्ट आचरण में भ्रष्ट कृत्यों में बाधा है।
मार्गदर्शक एम एल गुप्ता ने कहा कि हम महात्मा गांधी द्वारा दिए गए मंत्र का कीर्तन कर भ्रष्ट तत्वों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। हमारी प्रार्थना का ही प्रभाव है कि बड़ी संख्या में घूसखोर पकड़े जा रहे हैं, इस बार तमाम घूसखोरों की दीवाली जेल में हुई है। दुर्भाग्य का विषय है कि हमारे जिले में अनेक घूसखोर पकड़े गए हैं लेकिन प्रशासन द्वारा घूसखोरी रोकने हेतु कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं, प्रशासन उदासीन है। जिन दफ्तरों में घूसखोर पकड़े गए हैं उनके विभागाध्यक्षों की भूमिका की जांच भी होनी चाहिए।
केंद्रीय कार्यालय प्रभारी रामगोपाल ने कहा कि आज दातागंज तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध सत्याग्रह करके चौदह सूत्रीय मांग पत्र राज्यपाल और मुख्य मंत्री को प्रेषित किया है पत्र की प्रति प्रदेश के मुख्य सचिव, अध्यक्ष राजस्व परिषद एवम अपर मुख्य सचिव कार्मिक को भी प्रेषित की है। अन्य तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध भी इसी प्रकार सत्याग्रह किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मार्गदर्शक धनपाल सिह, संरक्षक एम एल गुप्ता, सुरेशपाल सिंह चौहान, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी रामगोपाल, नेत्र पाल, एच एन सिंह, प्यारेलाल , समीरूद्दीन एडवोकेट, कृष्ण पाल, ज्ञानदीप शर्मा आदि की सहभागिता रही।
एक टिप्पणी भेजें
Thank you for your response. Please wait and we will reply to your query soon.