ग्राम कोल्हाई में सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल संकट, गहलोत ने जल जीवन मिशन को भेजा मांग पत्र
सहकारी समिति गोदाम व ग्रामीण बैंक के पास रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन, नल न होने से बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट: RNK Social TV संवाददाता
बदायूं।
जल जीवन मिशन के तहत भले ही “हर घर जल” योजना को सफल बताया जा रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आज भी कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान शुद्ध पेयजल सुविधा से वंचित हैं। बदायूं जनपद के विकास खण्ड सहसवान अंतर्गत ग्राम कोल्हाई में स्थित दो प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पानी की कोई व्यवस्था न होना इसी लापरवाही को दर्शाता है।
ग्राम कोल्हाई में सहकारी समिति संघ का गोदाम एवं यूपी ग्रामीण बैंक ऐसे स्थान हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में किसान, महिलाएं, पुरुष, युवा एवं बच्चे आते-जाते हैं। बैंक से जुड़े कार्यों, कृषि लेन-देन और दैनिक जरूरतों के कारण यहां पूरे दिन भीड़ बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद पीने योग्य शुद्ध पेयजल के लिए कोई सार्वजनिक नल पॉइंट स्थापित नहीं किया गया है।
गर्मियों के मौसम में यह समस्या और अधिक विकराल रूप ले लेती है। तेज धूप और बढ़ते तापमान में लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई बार राहगीर मजबूरी में दूर स्थित घरों या दुकानों से पानी मांगते हैं, जिससे समय और सम्मान दोनों प्रभावित होते हैं।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर सूचना एवं सामाजिक कार्यकर्ता सत्येन्द्र सिंह गहलोत ने जल जीवन मिशन विभाग को एक मांग पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि दोनों स्थान पूर्णतः सार्वजनिक हैं और यहां प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां कम से कम दो सार्वजनिक नल लगाए जाना अत्यंत आवश्यक है।
गहलोत ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों तक पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि आमजन को हर आवश्यक स्थान पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना भी है। यदि इन दोनों स्थलों पर नल लगाए जाते हैं तो सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस मांग को जायज बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभाग इस मांग पत्र पर कब तक संज्ञान लेकर ठोस कदम उठाता है।


Thank you for your response. Please wait and we will reply to your query soon.