ग्राम न्याय सहायता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हाई में स्थित पंचायत घर पर बने लीगल एंड क्लिनिक का संचालन व उद्घाटन विधिक साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवकुमारी नें फीता काटकर शुभारम्भ किया।
जनपद बदायूं के थाना मुजरिया क्षेत्र स्थित ग्राम कोल्हाई में ग्राम न्याय सहायता अभियान के अंतर्गत निःशुल्क विधिक सहायता केन्द्र लीगल एंड क्लीनिक का विधिवत शुभारम्भ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ सचिव शिव कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर
सर्व प्रथम ग्राम प्रधान मीना देवी ने शिव कुमारी व थाना प्रभारी ज्योति सिंह को साल उड़ाकर फूलों से स्वागत किया। शिव कुमारी ने ग्रामीणों को न्याय तक सरल पहुँच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विधिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान शिव कुमारी ने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि यह केन्द्र गरीब, असहाय, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क वकील, कानूनी सलाह, लोक अदालत की सुविधा, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण, पीड़ित प्रतिकर/मुआवजा योजना सहित अन्य कानूनी सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कमजोरी या जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्रामीणों को उनके संवैधानिक व कानूनी अधिकारों से अवगत कराते हुए बताया कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, श्रम संबंधी समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों में भी इस केन्द्र के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष मुजरिया ज्योति सिंह ने कानून व्यवस्था एवं पुलिस सहयोग से जुड़ी जानकारी दी, जबकि खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार सैनी ने ग्रामीण विकास एवं सरकारी योजनाओं के लाभों की जानकारी साझा की। एडीओ पंचायत, पंचायत सचिव अजयपाल सिंह, राजस्व निरीक्षक सत्यपाल सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर, एएनएम कमलेश, कोल्हाई चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह, कांस्टेबल मुकेश कुमार, आकाश कुमार, प्रधान पति पप्पू शाक्य, रंकज शाक्य,सामाजिक कार्यकर्ता सत्येन्द्र सिंह गहलोत, सहकारी संघ के पूर्व सचिव लाल सहाय मौर्य, रोजगार सेवक भवानी शंकर, पंचायत सहायक राजकुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामा देवी, आशा संगिनी राधा आदि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने निःशुल्क विधिक सहायता लीगल एंड क्लीनिक की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।




Thank you for your response. Please wait and we will reply to your query soon.