बदायूँ : 20 फरवरी। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), अवनीश राय ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0, लखनऊ द्वारा निर्गत अधिसूचना (संशोधन) के क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय, बदायूं द्वारा पूर्व में निर्गत संशोधित सार्वजनिक सूचना को संशोधित करते हुए जनपद बदायूं में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का राज्य निर्वाचन आयोग, उ0प्र0 द्वारा विनिर्दिष्ट समय सारिणी के अनुसार वृहद पुनरीक्षण हेतु अग्रेतर कार्यवाही की जायेगी।
उन्होंने बताया कि दावे/आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त हस्तलिखित पाण्डुलिपियों तैयार करना, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना एवं समस्त डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन/निस्तारण की कार्यवाही 07 जनवरी, 2026 से 16 मार्च, 2026 तक की जायेगी।
उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी तथा उन्हें मूल सूची में यथा स्थान समाहित करने एवं यथावश्यक मतदान केन्द्रों/स्थलों के निर्धारण की कार्यवाही 21 फरवरी, 2026 से 16 मार्च, 2026 तक सम्पन्न की जायेगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों की कम्प्यूटरीकरण के उपरान्त मतदान केन्द्र/स्थलों का क्रमांकन, मतदान स्थलों के वार्ड की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियां कराना आदि कार्य 17 मार्च, 2026 से 13 अप्रैल, 2026 तक किये जायेंगे एवं निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन 15 अप्रैल, 2026 को किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने क्षेत्राधिकार के अन्तर्गत त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा सार्वजनिक जानकारी हेतु समस्त सम्बन्धित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर भी यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जायेगा। निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे तथा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जायेगा।


Thank you for your response. Please wait and we will reply to your query soon.